उप जेल बीजापुर में ‘‘उल्लास‘‘ से जगी शिक्षा की नई रोशनी

बीजापुर, 19 मई 2026/sns/- कलेक्टर श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन में शिक्षा के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए उप जेल बीजापुर में ‘‘उल्लास साक्षरता कार्यक्रम‘‘ के अंतर्गत असाक्षर कैदियों, बंदियों के लिए नवसाक्षरता अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी श्री लखनलाल धनेलिया की उपस्थिति में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर असाक्षर कैदियों को अध्ययन सामग्री के रूप में पेन, पेंसिल, पुस्तकें एवं व्हाइटबोर्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य कैदियों को साक्षर बनाकर उनमें आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और आत्मनिर्भरता का विकास करना है, ताकि वे समाज में पुनः सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी श्री लखनलाल धनेलिया ने कहा कि शिक्षा जीवन को नई दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि ‘‘उल्लास साक्षरता कार्यक्रम‘‘ के माध्यम से शासन का प्रयास है कि समाज का कोई भी व्यक्ति शिक्षा से वंचित न रहे। जेल में असाक्षर  बंदियों को साक्षर करना सामाजिक पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उप जेल प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कैदियों को नियमित रूप से अध्ययन करने तथा साक्षर बनकर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान कैदियों में उत्साह एवं सीखने की विशेष रुचि देखने को मिली। इस नवसाक्षरता अभियान के माध्यम से उप जेल बीजापुर में शिक्षा का नया वातावरण निर्मित हुआ है, जो बंदियों के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक प्रेरणादायी पहल मानी जा रही है।

About The Author