आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन की प्रभावी पहल

सुकमा, 22 मई 2026/sns/-नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन सुकमा द्वारा संचालित जन-जागरूकता अभियान को छिंदगढ़ ब्लॉक में ग्रामीणों का भरपूर समर्थन और उत्साह प्राप्त हुआ। प्रशासन द्वारा गठित ‘कला जत्था’ टीम ने ग्राम पंचायत किकिरपाल एवं ग्राम पंचायत कोटरीपाल-1 में आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने योजनाओं के प्रति रुचि दिखाते हुए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पश्चात प्रशासनिक टीम ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर सुशासन त्यौहार, बस्तर मुन्ने अभियान सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। अधिकारियों एवं जागरूकता दल ने सरल एवं स्थानीय भाषा में योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और लाभ समझाते हुए ग्रामीणों को शासन की सुविधाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इससे ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ी और विभिन्न योजनाओं के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ जिला प्रशासन का यह अभियान शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीण समुदाय को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में सामने आया है। ‘कला जत्था’ जैसे नवाचारपूर्ण माध्यमों के जरिए प्रशासन न केवल जागरूकता फैला रहा है, बल्कि आमजन और शासन के बीच विश्वास एवं सहभागिता को भी मजबूत कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चल रहे ऐसे कार्यक्रम विकास की मुख्यधारा से हर व्यक्ति को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

About The Author