आधार सेवाओं के लिए यूआईडीएआई द्वारा निर्धारित शुल्क ही मान्य


रायगढ़, 23 मई 2026/sns//- आधार संबंधी कुछ सेवाओं के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) द्वारा निर्धारित शुल्क लागू है। नया आधार पंजीकरण एवं बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट निःशुल्क है। वहीं डेमोग्राफिक अपडेट के लिए 125 रुपये, बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 75 रुपये तथा आधार डाउनलोड एवं कलर प्रिंट के लिए 40 रुपये निर्धारित किए गए हैं। महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। हितग्राही अपने नजदीकी चॉइस सेंटर एवं कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में जाकर बिना किसी शुल्क के ई-केवाईसी करा सकते हैं।
     शासकीय योजनाओं में ई-केवाईसी के नाम पर हितग्राहियों से किसी प्रकार की राशि नहीं ली जाएगी। यदि कोई केंद्र निर्धारित शुल्क से अधिक राशि की मांग करता है अथवा ई-केवाईसी के लिए शुल्क वसूलता है, तो इसकी शिकायत तत्काल संबंधित विभाग अथवा जिला प्रशासन को की जा सकती है। शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे केवल अधिकृत चॉइस सेंटर एवं सीएससी केंद्रों से ही सेवाएं प्राप्त करें तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए समय पर ई-केवाईसी अवश्य पूर्ण कराएं, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निरंतर मिलता रहे।

About The Author