‘सी.एम. हेल्पलाइन योजना’ का प्रशिक्षण 26 मई को
दुर्ग, 26 मई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के निर्देशानुसार ‘सी.एम. हेल्पलाइन योजना’ के सुचारू संचालन और शिकायत निराकरण के लिए कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 26 मई 2026 को पूर्वान्ह 10 बजे से जिला कलेक्ट्रेट सभागार, दुर्ग में किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य विषय योजना के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण हेतु नामांकित जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों (एल1 और एल2) को प्रशिक्षित करना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त विशेष प्रशिक्षण सत्र में समस्त जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। व्यवस्था के अनुसार, सभी जिला स्तरीय अधिकारी कलेक्ट्रेट मीटिंग हॉल में भौतिक रूप से उपस्थित रहेंगे। वहीं, ब्लॉक स्तर के संबंधित अधिकारीगण सीधे अपने संबंधित जनपद पंचायत कार्यालयों में उपस्थित होकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (व्ही.सी.) के माध्यम से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़ेंगे। कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को संलग्न सूची के अनुसार अपने अधीनस्थ ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों (एल1) की जनपद कार्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुर्ग, धमधा और पाटन को अपने-अपने क्षेत्रों में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (व्हीसी) के माध्यम से प्रशिक्षण हेतु सभी आवश्यक तकनीकी एवं बैठक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।