राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत पंचायत विकास योजना पर एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न
अम्बिकापुर, 26 मई 2026/sns/- राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजनान्तर्गत “पंचायत विकास योजना” विषय पर मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय अग्रवाल की उपस्थिति में हुआ। श्री अग्रवाल ने कार्यक्रम में सभी को पंचायत विकास योजना के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान प्राचार्य क्षेत्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केन्द्र सरगुजा डॉ. स्वेच्छा सिंह, उपसंचालक पंचायत श्रीमती रितु साहू, अनुदेशक क्षेत्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केन्द्र श्रीमती श्रद्धा मिश्रा, डीपीएम आरजीएसए श्रीमती पुष्पा शर्मा,अनुदेशक क्षेत्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केन्द्र श्री उमेश प्रताप सिंह, संकाय सदस्य बीपी-आरसी श्री गौतम गुप्ता द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि 1 अप्रैल 2026 से 16वें वित्त आयोग की अवधि प्रारंभ हो चुकी है। इसके अंतर्गत केंद्र शासन द्वारा पंचायतों को अनुदान राशि प्रदान की जा रही है, जिसमें ग्राम पंचायतों को 80 प्रतिशत, जनपद पंचायतों को 10 प्रतिशत तथा जिला पंचायतों को 10 प्रतिशत राशि दी जाएगी। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि 16वें वित्त में पंचायतों को 80 प्रतिशत राशि जनसंख्या एवं भौगोलिक क्षेत्रफल के आधार पर तथा 20 प्रतिशत राशि पंचायतों के प्रदर्शन के आधार पर प्राप्त होगी। कार्यक्रम में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (ग्रामीण यांत्रिकी सेवा), खंड चिकित्सा अधिकारी, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास, वरिष्ठ कोषालय अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी वीबीजी रामजी, बीपीएम स्वच्छ भारत मिशन तथा बीपीआरसी के संकाय सदस्य उपस्थित रहे।