मानसून से पहले प्रशासन अलर्टआपदा प्रबंधन समीक्षा बैठक में कलेक्टर विश्वदीप ने दिए व्यापक तैयारी के निर्देश

बीजापुर, 26 मई 2026/sns/- आगामी मानसून एवं संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्री विश्वदीप की अध्यक्षता में मंगलवार को इन्द्रावती सभाकक्ष में आयोजित आपदा प्रबंधन समीक्षा बैठक में जिलेभर में मानसून पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री मुकेश देवांगन ने सभी तहसीलों में वर्षा मापी यंत्रों के नियमित संधारण एवं संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से कहा कि चिन्हित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दवाइयों, खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की पर्याप्त उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए ताकि आपदा की स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाई जा सके। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत शिविरों के लिए सुरक्षित एवं अच्छी स्थिति वाले शासकीय भवनों का चिन्हांकन करने, गांवों में कुशल तैराकों की सूची एवं मोबाइल नंबर उपलब्ध रखने तथा आवश्यकतानुसार मोटर बोट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार आगामी 1 जून से वर्षा की दैनिक रिपोर्ट नियमित रूप से प्रेषित की जाएगी। संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल ने कहा कि बाढ़ अथवा अन्य आपदा की स्थिति में सभी विभाग पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय बनाए रखें।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेंद्र अग्रवाल सहित आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author