पद्म पुरस्कार 2027 हेतु 31 मई तक ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित

रायगढ़, 28 मई 2026/sns/- गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले प्रतिष्ठित “पद्म पुरस्कार” हेतु ऑनलाइन नामांकन एवं अनुशंसा आमंत्रित की गई है। यह प्रक्रिया विशेष रूप से उन “अनसुने नायकों के लिए शुरू की गई है, जिन्होंने दिव्यांगजन सशक्तिकरण, कल्याण एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय योगदान दिया है।
संचालक, समाज कल्याण संचालनालय छत्तीसगढ़, समाज कल्याण परिसर माना कैम्प रायपुर द्वारा जारी पत्र के अनुसार भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, नई दिल्ली द्वारा इस संबंध में आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। पात्र व्यक्तियों अथवा दिव्यांगजनों के नामांकन के लिए उनका संक्षिप्त औचित्य, पूर्ण जीवन-वृत्त, संपर्क विवरण एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
31 मई तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
भारत सरकार के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल  https://awards.gov.in  के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन एवं अनुशंसा प्रस्तुत की जा सकती है। इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं अथवा अनुशंसा करने वाले नागरिक निर्धारित तिथि 31 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में अन्य विस्तृत जानकारी के लिए उप संचालक समाज कल्याण, जिला-रायगढ़ में संपर्क कर सकते है।

About The Author