सभी 66 समितियों में पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध

मुंगेली, 30 मई 2026/sns/- जिला प्रशासन द्वारा खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह सक्रियता और सतर्कता बरती जा रही है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन में जिले की सभी समितियों में खाद-बीज के भंडारण, वितरण और मॉनिटरिंग की व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिले की सभी 66 सेवा सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज का भंडारण किया गया है। खाद का स्टॉक समाप्त होने से पहले ही अग्रिम रूप से आरओ-डीडी जमा कर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे वितरण व्यवस्था लगातार सुचारू बनी हुई है।
कलेक्टर ने कहा कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी समितियों में शासन द्वारा अनुशंसित खाद समूहों के बैनर तथा खाद की निर्धारित रेट सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की गई है, जिससे किसानों को पारदर्शी जानकारी मिल सके। खाद वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी समितियों में पीओएस मशीन के माध्यम से ही खाद वितरण किया जा रहा है। खाद प्राप्त होते ही तत्काल पीओएस मशीन में एंट्री की जा रही है और किसानों को उसी प्रणाली के तहत खाद उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही वितरण पंजी का प्रतिदिन अद्यतन भी किया जा रहा है।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समितियों में शुद्ध पेयजल एवं छाया की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि गर्मी के मौसम में किसानों को राहत मिल सके। जिला प्रशासन और शासन द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन करते हुए अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि खाद के भंडारण और वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा किसानों को निर्धारित मूल्य पर समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पूरी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। कालाबाजारी और अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author