’सुशासन तिहार’ से साकार हो रहा मुख्यमंत्री का विजन ग्राम बेलदगी के जित नारायण को बिना भटके मिला आयुष्मान कार्ड
अम्बिकापुर, 30 मई 2026/sns/- राज्य सरकार के ’सुशासन तिहार’ आम नागरिकों के समस्या का समाधान हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप, समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का सुगमता से लाभ पहुँचाने का संकल्प धरातल पर पहुंच रहा है। अब हितग्राहियों को अपने अधिकारों और योजनाओं का लाभ पाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं, बल्कि प्रशासन खुद उनके द्वार पहुँचकर उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण कर रहे हैं।
लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बेलदगी के रहने वाले श्री जित नारायण सिंह लंबे समय से अपना आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा पाए थे, जिसके कारण वे किसी भी आपात स्थिति में 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की संजीवनी सुविधा से वंचित थे। लेकिन, गाँव में आयोजित ’सुशासन तिहार’ के अंतर्गत समाधान शिविर ने उनकी इस चिंता को हमेशा के लिए दूर कर दिया। शिविर में पहुँचकर जीत नारायण ने जैसे ही अपना आवेदन दिया, विभागीय अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल उनका आयुष्मान कार्ड बना दिया गया।
अब 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा की गारंटी पाकर श्री जीत नारायण सिंह ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, मेरा आयुष्मान कार्ड नहीं बना था, लेकिन गाँव में लगे सुशासन तिहार के जन समस्या निवारण शिविर में आवेदन दिया तो यह तुरंत बन गया। अब मुझे 5 लाख रुपये के इलाज का फायदा मिलेगा। सबसे अच्छी बात यह रही कि मुझे इसके लिए कहीं जाना नहीं पड़ा। गाँव में ही इतनी आसानी से काम हो जाने के लिए मैं मुख्यमंत्री महोदय को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूँ।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर आयोजित ’सुशासन तिहार’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का एक सशक्त माध्यम है। इस पहल के जरिए ऐसे हजारों हितग्राहियों को उनके अधिकारों और जन-कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।