शासकीय आईटीआई पुसौर में प्रवेश प्रक्रिया शुरू विभिन्न ट्रेडों में 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन का अवसर 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी ले सकते हैं निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ
रायगढ़, 30 मई 2026/sns/- जिले के युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्राप्त करने के उद्देश्य से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) पुसौर में सत्र 2026-27 एवं 2026-28 के लिए विभिन्न व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। संस्था में व्यवसाय-कोपा, विद्युतकार, फिटर, वेल्डर फैब्रिकेशन एंड फिटिंग, मैकेनिक डीजल एवं वेल्डर जैसे रोजगारपरक ट्रेडों में प्रवेश दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं कक्षा उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। साथ ही आवेदक की आयु कम से कम 14 वर्ष होना अनिवार्य है। चयनित विद्यार्थियों को प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी राज्य शासन के प्रवेश पोर्टल cgiti.admissions.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया एवं पाठ्यक्रमों से संबंधित विस्तृत जानकारी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था पुसौर में कार्यालयीन समय पर उपस्थित होकर प्राप्त की जा सकती है। संस्था प्रबंधन ने जिले के इच्छुक युवाओं से समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसरों का लाभ उठा सकें।