फल दुकानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई खराब फल हटवाए गए
बीजापुर, 02 जून 2026/sns/- खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के फल दुकानों का निरीक्षण किया। गर्मी के मौसम में फलों की बढ़ती मांग को देखते हुए खराब एवं लंबे समय से रखे फलों की बिक्री रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई। अभिहीत अधिकारी श्री डी.के. देवांगन के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अंकित गुप्ता ने शहर के छोटे फल विक्रेताओं सहित थोक विक्रेता मेसर्स अनित जायसवाल फल भंडार का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में करीब 15 किलो खराब आम ताजे फलों के साथ रखे पाए गए, जिन्हें तत्काल नष्ट करने के लिए अलग करवाया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से एनालॉग पनीर का नमूना लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया। वहीं अन्य दुकानों से भी करीब 3 किलो आम, 5 दर्जन केले और 1 किलो संतरे खराब पाए जाने पर अलग करवाकर नष्ट करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खराब फलों को ताजे फलों से अलग रखने तथा उनके विक्रय से बचने के निर्देश दिए हैं।