न्याय सबके लिए हर जरूरतमंद तक पहुंचे विधिक सहायता प्रधान जिला न्यायाधीश
मुंगेली, 02 जून 2026/sns/- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी की अध्यक्षता में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम मुंगेली की मासिक रिव्यू कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आमजन तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाने, नालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मासिक कार्य प्रतिवेदन, जेल निरीक्षण, विधिक सहायता शिविरों, हेल्प डेस्क की गतिविधियों तथा बंदियों और उनके परिजनों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सेवाओं की समीक्षा की गई। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती मेरावी ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान, बच्चों की सुरक्षा, अनुसूचित जनजाति समुदाय की समस्याओं के समाधान, बालिका शिक्षा के प्रोत्साहन, वन क्षेत्रों में वन्य प्राणियों से प्रभावित लोगों की सहायता तथा पीड़ित एवं अपराधियों के निर्दाेष परिजनों के कल्याण संबंधी योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में जेल में निरुद्ध बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों को विधिक जानकारी उपलब्ध कराने, उनकी सुविधाओं में वृद्धि करने तथा विधिक साक्षरता अभियान को और व्यापक बनाने पर विशेष बल दिया गया। इसके अलावा लंबित, निराकृत, दोषमुक्त एवं दोषसिद्ध प्रकरणों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण पैरवी और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के संबंध में भी चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रथम व्यवहार न्यायाधीश (वरिष्ठ श्रेणी) श्रीमती जसविंदर कौर अजमानी मलिक, व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) एवं प्रथम अतिरिक्त न्यायाधीश कु. नारायणी कच्छप, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम मुंगेली के चीफ श्री टीकम चंद्राकर, डिप्टी चीफ श्री राजेश कुमार मिरे, असिस्टेंट श्रीमती द्रौपती कश्यप, श्री रतिराम बर्मन एवं श्री जयकुमार डहरिया उपस्थित रहे।