समय पर खाद-बीज मिलने से खिले किसानों के चेहरे

बलौदाबाजार, 3 जून 2026/sns/sns/-खेती के लिये समय पर खाद-बीज की व्यवस्था किसानों के लिये बड़ी चुनौती होती है लेकिन जिला प्रशासन की बेहतर व्यवस्था से जिले के किसानों को आवश्यकता अनुसार आसानी से खाद बीज उपलब्ध हो रहा है। ग्राम पाहंदा के बालचंद बांधे का जीवन खेतों की हरियाली और मिट्टी की सोंधी महक के बीच बीतता है। पेशे से एक किसान, बालचंद के लिए खेती सिर्फ आजीविका का साधन नहीं, बल्कि उनका जुनून है। इस साल किसान बालचंद अपनी खुद की जमीन के साथ-साथ जमीन रेगहा और अधिया पर लेकर कुल 25 एकड़ पर खेती करने वाले हैं। 25 एकड़ में धान की खेती के लिये दिन-रात की कड़ी मेहनत, सही योजना और सबसे बढ़कर सही समय पर खाद-बीज की जरूरत थी। समय बीतने के साथ बालचंद के दिल की धड़कनें भी बढ़ने लगी थीं क्योंकि 25 एकड़ खेत के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज का इंतजाम करना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन इस बार बालचंद की यह चिंता पल भर में दूर हो गई। शासन, प्रशासन और सहकारी समिति की मुस्तैदी के चलते उन्हें उनकी जरूरत के मुताबिक, बिल्कुल सही समय पर और पर्याप्त मात्रा में उत्तम किस्म के खाद और बीज मिल गए। जब खेतों को जरूरत पड़ेगी, उस वक्त के लिये पहले से खाद-बीज किसान के पास मौजूद है। इस सुचारू और पारदर्शी व्यवस्था ने बालचंद के चेहरे पर एक सुकून भरी मुस्कान ला दी। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जब शासन-प्रशासन इस तरह किसानों के साथ खड़े है, तो आधी चिंता अपने आप खत्म हो जाती है। समय पर मिले इस सहयोग से उत्साहित बालचंद अब दोगुनी ऊर्जा के साथ अपने 25 एकड़ के खेतों को संवारने में जुट गए हैं।

About The Author