सुशासन तिहार 2026 समाधान शिविर में बुद्धू राम को तत्काल मिली पेंशन की स्वीकृति

अम्बिकापुर, 04 जून 2026/sns/-  राज्य शासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से संचालित सुशासन तिहार 2026 के सकारात्मक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रशासन को सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए आयोजित समाधान शिविर लोगों के लिए राहत का माध्यम बन रहा है। इसी क्रम में जिले के विकासखंड अम्बिकापुर के ग्राम पंचायत हर्राटिकरा में आयोजित समाधान शिविर में एक बुजुर्ग ग्रामीण को मुख्यमंत्री पेंशन योजना का लाभ मौके पर ही प्रदान किया गया।

शिविर में दिया आवेदन, तुरंत हुआ समाधान

ग्राम पंचायत फतेहपुर के निवासी श्री बुद्धू राम लंबे समय से पेंशन के लिए प्रयासरत थे। जब उन्हें जानकारी मिली कि उनके क्षेत्र में सुशासन तिहार के अंतर्गत जन समस्या निवारण समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है, तो वे वहां पहुंचे। बुद्धू राम ने शिविर में उपस्थित अधिकारियों के समक्ष श्मुख्यमंत्री पेंशन योजनाश् के तहत अपना आवेदन प्रस्तुत किया। शासन के निर्देशों के अनुरूप अधिकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके आवेदन पर तत्काल कार्रवाई की। सभी आवश्यक दस्तावेजों का मौके पर ही परीक्षण कर बुद्धू राम के पेंशन प्रकरण का हाथों-हाथ निराकरण कर दिया गया।

हितग्राही ने जाहिर की खुशी, मुख्यमंत्री का जताया आभार

तत्काल पेंशन स्वीकृत होने से श्री बुद्धू राम के चेहरे पर खुशी और सुकून साफ झलक रहा था। उन्होंने इस त्वरित और पारदर्शी कार्यप्रणाली के लिए राज्य सरकार की प्रशंसा की। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, मैंने समाधान शिविर में मुख्यमंत्री पेंशन योजना के लिए आवेदन किया था और मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि मेरे आवेदन पर तुरंत कार्रवाई करते हुए तत्काल समाधान कर दिया गया। मुझे किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और ना ही कहीं भटकना पड़ा। इतनी अच्छी व्यवस्था और योजना लागू करने के लिए मैं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का हृदय से धन्यवाद करता हूँ।

सुशासन का संकल्प
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में आयोजित समाधान शिविर केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है। जिला प्रशासन द्वारा शिविरों के माध्यम से शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे यह सुनिश्चित किया जा रहा है।

About The Author