जिला शिक्षा अधिकारी ने ली प्राचार्य सेजेस पीएमश्रीडीएव्ही पब्लिक स्कूल की समीक्षा बैठक

अम्बिकापुर, 04 जून 2026/sns/-  जिला शिक्षा अधिकारी डॉ दिनेश कुमार झा की अध्यक्षता में जिले के समस्त सेजेस, पीएमश्री एवं डीपीआई पब्लिक स्कूलों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणामों की विस्तृत समीक्षा करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा आगामी सत्र की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों के प्राचार्यों को बधाई देते हुए अन्य विद्यालयों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी प्राचार्यों को विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण निर्मित करने, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान कुछ विद्यालयों के परीक्षा परिणाम अपेक्षानुरूप नहीं पाए जाने पर चिंता व्यक्त की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों की दर्ज संख्या बढ़ाने, पालकों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से नामांकन में वृद्धि करने तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षण कार्य में रुचि नहीं लेने वाले शिक्षकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में ड्रॉपआउट विद्यार्थियों का सर्वेक्षण कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने तथा कक्षा 8वीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुके विद्यार्थियों को ओपन स्कूल के माध्यम से कक्षा 10वीं की परीक्षा दिलाने के प्रयास करने पर विशेष जोर दिया गया।

प्राचार्यों द्वारा विद्यालयों में सीटों की कमी के कारण प्रवेश संबंधी कठिनाइयों की जानकारी दिए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर सीट वृद्धि हेतु प्रकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त विद्यालयों में नशामुक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता शिक्षा हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करने, वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने तथा विद्यालय परिसरों में अनिवार्य रूप से ग्रीन फेंसिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्यों से प्राप्त निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में सतत सुधार हेतु कार्य करने तथा समय-समय पर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने की अपेक्षा व्यक्त की।

About The Author