सुशासन तिहार 2026 शिवनाथपुर क्लस्टर में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में उमड़े ग्रामीण

अम्बिकापुर, 04 जून 2026/sns/-   मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप और ’सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत, जिले के सीतापुर विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत शिवनाथपुर में आज जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्लस्टर के अंतर्गत आने वाली 12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।

शिविर में आमजनों की ओर से कुल 1232 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1226 मांग और 06 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए, प्रशासन ने 205 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर आम जनता को राहत पहुंचाई। शेष लंबित 1027 आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित कर, उन्हें तय समय-सीमा के भीतर प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभागीय स्टॉलों के माध्यम से मिली योजनाओं की जानकारी
शिवनाथपुर क्लस्टर में आयोजित इस समाधान शिविर में शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से ग्रामीण विकास, आदिवासी विकास, खाद्य विभाग और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगभग 25 आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

प्रशासन पहुंच रहा गांव-गांव, द्वार-द्वार
कार्यक्रम में उपस्थित जनपद उपाध्यक्ष श्री अनिल अग्रवाल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में प्रशासन अब गांव-गांव और द्वार-द्वार पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि ’सुशासन तिहार’ का मुख्य उद्देश्य क्लस्टरवार शिविर आयोजित कर लोगों की मांगों और शिकायतों का मौके पर ही समाधान करना है। प्रशासन का यह संकल्प है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से कोई भी पात्र परिवार वंचित न रहे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे निसंकोच अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखें, जिनका त्वरित निराकरण किया जाएगा।

विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मिला लाभ
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया, शिक्षा विभाग के 8 स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा कृषि कार्य को उन्नत बनाने हेतु 5 किसानों को स्प्रे पंप प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 2 दिव्यांग हितग्राहियों को आवागमन में सुविधा के लिए ट्राइसाइकिल और व्हील चेयर भेंट की गई। खाद्य विभाग द्वारा 8 पात्र हितग्राहियों को नए राशन कार्ड सौंपे गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा रोजगार सुनिश्चित करते हुए 6 हितग्राहियों को जॉब कार्ड तथा 5 हितग्राहियों को आवास योजना के तहत श्खुशियों की चाबीश् प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को निःशुल्क उपचार हेतु आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाते हुए 3 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी की गई।

समाधान शिविर कार्यक्रम में जनपद सदस्यगण, स्थानीय सरपंचगण, अन्य जनप्रतिनिधिगण और तहसीलदार,जनपद पंचायत सीईओ सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author