सुशासन तिहार 2026 आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के लटोरी क्लस्टर में समाधान शिविर संपन्न
अम्बिकापुर, 05 जून 2026/sns/- सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड लखनपुर की ग्राम पंचायत लटोरी में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। लटोरी क्लस्टर की 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शिविर में शामिल हुए तथा अपनी मांग एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सभापति श्री विजय अग्रवाल ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से प्रशासन स्वयं ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर आमजन की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपनी मांग एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह करते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्कूल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को नशामुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई।
शिविर में लगभग 26 विभागों द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। टीबी मुक्त सरगुजा अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी जांच की गई। बिहान बाजार के माध्यम से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़े स्व-सहायता समूहों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए। शिविर में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 50 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत “खुशियों की चाबी”, कृषि विभाग द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड एवं स्वास्थ्य कार्ड, मनरेगा के तहत जॉब कार्ड तथा खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड वितरित किए गए।
शिविर में कुल 918 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 838 मांग संबंधी एवं 80 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। प्राप्त सभी आवेदनों के निराकरण हेतु उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रेषित किया गया है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्यगण, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिशिकला सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े, सरपंच गण, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं उदयपुर एसडीएम श्री रामराज सिंह, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।