शासी परिषद की बैठक में कार्य योजना का किया गया अनुमोदन शिक्षा

बलौदाबाजार, 5 जून 2026/sns/-जिला खनिज संस्थान न्यास शासी परिषद की बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल,
जांजगीर-चाम्पा सांसद कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की उपस्थिति में कार्ययोजना का अनुमोदन किया गया एवं आगामी पंचवर्षीय कार्ययोजना की रूप रेखा पर चर्चा की गई। बैठक में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से खनन प्रभावित क्षेत्रों में डीएमएफ की राशि का बेहतर सदुपयोग पर विस्तृत चर्चा करते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पेयजल पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही युवाओं के लिये कौशल विकास एवं रोजगार सृजन को प्रथमिकता देते हुए कार्ययोजना बनाने का निर्णय लिया गया। मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि जिला बलौदाबाजार-भाटापारा को डीएमएफ के तहत बड़ी राशि मिलती है जिसका उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कौशल विकास, कुपोषण उन्मूलन में प्राथमिकता से हो। खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास, जनसुविधा सहित आधोसंरचना निर्माण के लिये कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016-17 से स्वीकृत कार्य जो अब तक अप्रारम्भ है या पूर्ण नहीं हुआ है उनकी समीक्षा की जाए। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि डीएमएफ की राशि का सदुपयोग कर जिले की तस्वीर, तकदीर व सूरत बदली जा सकती है। उन्होंने नई गाइडलाईन के अनुसार राशि का उपयोग तय अनुपात अनुसार एवं क्षेत्र अनुसार करने कहा। उन्होंने स्कूल, कॉलेज एवं शासकीय भवनों के बाउंड्रीवाल के किनारे बड़ी संख्या में वृक्षारोपण करने, स्कूलों में प्रार्थना शेड निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल व्यवस्था पर जोर दिया। बैठक में डीएमएफ कार्य योजना में बेसलाईन सर्वे के आधार पर खनन प्रभावित प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष क्षेत्रों में मुख्यतः शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्र के संबंध में आधारभूत स्थिति का आंकलन कर आवश्यकताओं एवं अंतरालों (गैप) की पहचान कर गैप पूर्ति का प्रयास किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की कमी को ध्यान में रखते हुए 453 शिक्षकों की व्यवस्था कार्य योजना में की गई है। इसी प्रकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में चिकित्सा विशेषज्ञ, स्टॉफ नर्स, लैब टेक्निशियन आदि के कुल 99 पदों की व्यवस्था की गई है। जिससे जिले में बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराया जा सके। महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में जहां कुपोषित बच्चों के लिए पोषण आहार को प्राथमिकता में शामिल किया गया है, वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों एवं युवाओं के आजीविका सृजन हेतु विशेष योजनाओं को कार्ययोजनाओं में सम्मिलित किया गया है।

वृद्ध एवं दिव्यांगजनों के जीवन स्तर में सुधार हेतु आजीविका सृजन के उपाय सहित आवश्यक उपकरण की उपलब्धता भी योजना में शामिल किया गया है। कृषि क्षेत्र में उन्नत कृषि तकनीकों पर फोकस किया गया है। भौतिक अधोसंरचना विकास हेतु सड़कों, पुल-पुलिया का मरम्मत आदि को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किये जाने का लक्ष्य रखा गया है। ऊर्जा के क्षेत्र में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में हाई-मॉस्ट लाईट की व्यवस्था, पी.एम. सूर्यघर अंतर्गत अंशदान एवं ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों से प्रकाश व्यवस्था तथा शासन की योजनाओं के अनुरूप कार्य योजना तैयार किया गया है। बैठक में कसडोल विधायक संदीप साहू, भाटापारा विधायक इंद्र साव, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक ओ. पी. शर्मा, डीएफओ गणवीर धम्मशील, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल सहित अन्य सदस्य एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author