खाद्य एवं औषधि प्रशासन का विशेष जांच अभियान जारी, कॉस्मेटिक एवं औषधि प्रतिष्ठानों की हुई जांच
रायगढ़, 5 जून 2026/sns/- जिले में उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण औषधियां एवं प्रसाधन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 4 एवं 5 जून को जिले के विभिन्न औषधि एवं कॉस्मेटिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर आवश्यक जांच एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की गई। विशेष अभियान के प्रथम दिवस 4 जून को एई इंटरप्राइजेज, ज्योति स्टोर, विष्णु जनरल स्टोर, श्रृंगारिका तथा डिवाइन ब्यूटी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खरीद-बिक्री संबंधी अभिलेखों, कॉस्मेटिक उत्पादों की वैधता अवधि, भंडारण व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। अधिकारियों द्वारा कॉस्मेटिक उत्पादों की गुणवत्ता एवं नियमानुसार उपलब्धता का भी परीक्षण किया गया।
अभियान के द्वितीय दिवस 5 जून को किरोड़ीमल शासकीय अस्पताल, सीएचसी लोईंग एवं पुसौर में औषधियों के नमूने एकत्रित कर रासायनिक विश्लेषण एवं गुणवत्ता परीक्षण हेतु भेजे गए। विभागीय अधिकारियों ने औषधियों के सुरक्षित भंडारण, रिकॉर्ड संधारण तथा नियमानुसार संचालन संबंधी बिंदुओं की भी जांच की। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा बताया गया कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक अनुरूप औषधियां तथा प्रसाधन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण एवं जांच अभियान नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं। विभाग द्वारा औषधि एवं कॉस्मेटिक प्रतिष्ठानों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी रखी जा रही है। जनस्वास्थ्य एवं उपभोक्ता हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा गुणवत्ता मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए आगे भी विशेष जांच अभियान जारी रहेंगे।