विश्व पर्यावरण दिवस पर न्यायालय परिसर में हुआ वृक्षारोपण

मुंगेली, 05 जून 2026/sns/- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के स्टेट प्लान ऑफ एक्शन के तहत जिला न्यायालय परिसर मुंगेली में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी के नेतृत्व में न्यायालय परिसर में पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती मेरावी ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देते हुए कहा कि मानव कल्याण और सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपने परिवार और बच्चों से स्नेह रखते हैं, उसी प्रकार पौधों के प्रति भी संवेदनशीलता और संरक्षण का भाव होना चाहिए। वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर भी हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में हरित चेतना का संदेश प्रसारित करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण विषयक जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जसविंदर कौर अजमानी मलिक, न्यायिक मजिस्ट्रेट कु. नारायणी कच्छप, चीफ लीगल एड डिफेंस कौंसिल सिस्टम श्री टीकम चंद्राकर, श्री राजेश मिरे, कौंसिल श्री रति राम बर्मन, श्री जयकुमार डहरिया, श्रीमती द्रौपती कश्यप, न्यायिक कर्मचारी, अधिवक्तागण एवं पैरालीगल वालंटियर्स उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर न्यायालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

About The Author