सुशासन तिहार में किसान क्रेडिट कार्ड बनने से सानू कुमार को मिली राहत

अम्बिकापुर, 07 जून 2026/sns/- सुशासन तिहार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम जोधपुर निवासी किसान सानू कुमार रजवाड़े को भी इस अभियान के माध्यम से बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से किसान क्रेडिट कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें खेती-किसानी के लिए आवश्यक खाद एवं बीज निजी दुकानों से खरीदने पड़ते थे, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ता था। सुशासन तिहार के दौरान उनकी समस्या का निराकरण हुआ और किसान क्रेडिट कार्ड बन जाने से अब उन्हें सहकारी समिति के माध्यम से आसानी से कृषि आदान उपलब्ध होंगे।

कृषक सानू कुमार रजवाड़े ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें खाद और बीज निजी दुकानों से नकद राशि देकर खरीदना पड़ता था। इससे खेती की लागत बढ़ जाती थी और कई बार आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। खेती के मौसम में आवश्यक कृषि सामग्री की व्यवस्था करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो जाता था। किसान कार्ड नहीं होने से उन्हें सहकारी समिति के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा था।

उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान उन्होंने अपनी समस्या समाधान शिविर में रखी। आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका किसान क्रेडिट कार्ड बना दिया गया। केसीसी बनने के बाद अब उन्हें सहकारी समिति से खाद और बीज आसानी से उपलब्ध होंगे, जिससे खेती की तैयारियां पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हो गई हैं।

उन्होंने बताया कि अब उन्हें निजी दुकानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। समिति के माध्यम से समय पर कृषि आदान मिलने से खेती की लागत कम होगी और आर्थिक बचत भी होगी। उन्होंने बताया कि किसान कार्ड बनने से उनकी एक बड़ी समस्या का समाधान हुआ है और खेती-किसानी का कार्य पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।

सुशासन तिहार के माध्यम से जिले भर में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है और आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

About The Author