‘नायद अर’ बनेगा सपनों की उड़ान
सुकमा , 08 मई 2026/sns/-जिले के युवाओं, विशेषकर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देने के लिए जिला प्रशासन और प्रतिष्ठित संस्था नवगुरुकुल ने एक ऐतिहासिक और सकारात्मक पहल शुरू की है। नायद अर (मेरा रास्तादृमेरा भविष्य) अभियान के तहत 17 जून 2026 से शबरी ऑडिटोरियम, कुम्हाररास, सुकमा में 10 दिवसीय सूचना सेमिनार एवं प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली युवाओं को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, आधुनिक कौशल प्रशिक्षण और कॉर्पाेरेट करियर के अवसर उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन ने विशेष रूप से बेटियों को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए आगे आने की अपील की है।प्रवेश परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को दंतेवाड़ा स्थित नवगुरुकुल के पूर्णतः निःशुल्क आवासीय कार्यक्रम में प्रवेश मिलेगा। चयनित छात्रों को सुरक्षित हॉस्टल, तीन समय का पौष्टिक भोजन, शाम का नाश्ता तथा पढ़ाई के लिए व्यक्तिगत लैपटॉप जैसी सभी सुविधाएं मुफ्त प्रदान की जाएंगी। विद्यार्थी अपनी योग्यता के अनुसार स्कूल ऑफ बिजनेस, स्कूल ऑफ फाइनेंस और स्कूल ऑफ प्रोग्रामिंग जैसे आधुनिक रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर डिजिटल मार्केटिंग, फाइनेंस, मानव संसाधन, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और फुल स्टैक डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में करियर बना सकेंगे।
नवगुरुकुल का यह कार्यक्रम केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों के समग्र व्यक्तित्व विकास पर भी केंद्रित है। प्रशिक्षण के दौरान अंग्रेजी संचार कौशल, सॉफ्ट स्किल्स, एआई आधारित आधुनिक शिक्षण, नेतृत्व क्षमता और जीवन कौशल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे छात्र देश की बड़ी कंपनियों में रोजगार के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें। जिला प्रशासन ने सभी युवाओं से आह्वान किया है कि वे 17 जून से शुरू होने वाले इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं, प्रवेश परीक्षा में भाग लें और अपने सपनों को नई उड़ान देकर सुकमा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें। कार्यक्रम की अधिक जानकारी के लिए नवगुरुकुल के कोऑर्डिनेटर सुश्री किरण से मोबाइल नंबर 9343065366 पर संपर्क किया जा सकता है।