छात्रवृत्ति भुगतान में संशोधन का अंतिम अवसर एक सप्ताह में करें बैंक खाता अपडेट

मुंगेली, 08 जून 2026/sns/- आदिवासी विकास विभाग, मुंगेली द्वारा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भुगतान से संबंधित त्रुटियों के सुधार हेतु अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि शासकीय-अशासकीय महाविद्यालयों, आईटीआई तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अनेक विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति राशि गलत बैंक खाता नंबर, त्रुटिपूर्ण आईएफएससी कोड अथवा बैंक खाते के आधार से सीडिंग नहीं होने के कारण लंबित है।
विभाग द्वारा वर्ष 2021-22, 2022-23, 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के स्वीकृत प्रकरणों की जांच के दौरान ऐसी त्रुटियों की पहचान की गई है। संबंधित संस्थानों को त्रुटिपूर्ण प्रकरणों की सूची उपलब्ध करा दी गई है तथा यह जानकारी विभागीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर भी प्रदर्शित की गई है। विद्यार्थी अपने शिक्षण संस्थान से संपर्क कर छात्रवृत्ति पोर्टल पर प्रदर्शित त्रुटियों का एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से सुधार कराएं। निर्धारित समयावधि में सुधार नहीं होने की स्थिति में छात्रवृत्ति राशि का भुगतान संभव नहीं होगा तथा आगामी सप्ताह में पोर्टल बंद कर दिया जाएगा।

About The Author