जिले में खेत बचाओ अभियान अन्तर्गत शिविर का आयोजन

बलौदाबाजार, 8 जून 2026/sns/- रासायनिक उर्वरकों के सिमित व संतुलित उपयोग और प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों व आम नागरिकों में जागरूकता और जन भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से 1 जून से 30 जून 2026 तक देश व्यापी खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखण्डों के 5-5 ग्राम पंचायतों में प्रति दिवस कृषक संगोष्ठी, कृषि चौपाल, जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कृषि एवं संवर्गीय विभागों के द्वारा किया जा रहा है।जिले में कुल 432 शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आज दिनांक तक कुल 122 ग्राम पंचायतों में आयोजन किया गया है, जिसमें लगभग 4835 कृषक को लाभान्वित किया गया है।

किसानों तथा नागरिकों के मध्य रसायनिक उर्वरकों के असंतुलित उपयोग से मृदा स्वास्थ्य पर प्रभाव तथा प्राकृतिक खेती के महत्व विषय पर वैज्ञानिक परिचर्चा, वैज्ञानिक पद्धति से खेती तथा काश्त लागत में कमी संबंधी विषय पर भी चर्चा की जा रही है । कृषकों तथा नागरिकों को प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के साथ पंचायत स्तर पर किसानों एवं जन प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर कम से कम 25 प्रतिशत कृषि भूमि पर प्राकृतिक खेती अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है।खाद्य तेल की खपत में 10 प्रतिशत की कमी लाने हेतु जीवन शैली एवं खान-पान संबंधी व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित किया जावेगा। मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्वों को बढ़ावा तथा फसल की आवश्यकतानुसार उर्वरक उपयोग हेतु कृषि वैज्ञानिकों के माध्यम से सलाह दिया गया।हरी खाद, नील हरित काई के उपयोग को बढ़ावा, यूरिया, डी.ए.पी. के विकल्प के रूप में एन.पी.के., एस.एस.पी., जैव उर्वरक, नैनो उर्वरक जैविक खाद तथा सुक्ष्म पोषक तत्वों का उपयोग अनुशंसा अनुरूप करने हेतु जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा । खेत बचाओ अभियान अन्तर्गत जिले में आज विकासखण्ड पलारी के ग्राम पंचायत ओड़ान, ससहा, कुसमी, बलौदी विकासखण्ड भाटापारा में बोड़तरा, गाड़ाडीह, सिंगारपुर, गोढी एस, कोदवा विकासखण्ड बलौदाबाजार में बाजाराभाठा, खटियापाटी, डोंगरीडीह, खँदा ख, लवनबन, एवं विकासखण्ड कसडोल में चरौदा क, मोहतरा क, पिसीद, सार्वा, मानाकोनी आदि ग्रामों में आयोजित किया गया है।

About The Author