सुकमा में लखपति दीदी अभियान को मिलेगी रफ्तार
सुकमा, 10 मई 2026/sns/- जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित संवाद कार्यक्रम में बिहान कैडरों, संकुल संगठनों, ग्राम संगठनों के पदाधिकारियों तथा विकासखण्ड एवं जिला बिहान टीम के साथ व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम में आजीविका गतिविधियों की प्रगति, समूहों के बुक्स ऑफ रिकॉर्ड के अद्यतन संधारण तथा संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए सीईओ श्री ठाकुर ने पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मांग के अनुरूप बुक्स ऑफ रिकॉर्ड की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आगामी तीन दिनों के भीतर शत-प्रतिशत ऑनलाइन लोकोस एंट्री, लखपति दीदी एंट्री तथा संकुल स्तरीय संगठनों के दैनिक लेन-देन का रिकॉर्ड पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। श्री ठाकुर ने लखपति दीदी पहल के तहत चिन्हित ग्रामों के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर उन्हें जल्द से जल्द ‘लखपति दीदी ग्राम’ के रूप में विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बैंक लिंकेज और वुमेन एंटरप्राइज फाइनेंसिंग के लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए उपलब्धियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने समूहों के प्रकरणों को नियमित रूप से बैंकों में प्रेषित करने तथा चक्रिय निधि एवं सामुदायिक निवेश निधि के अधिकाधिक प्रस्ताव तैयार करने पर जोर दिया, ताकि महिलाओं को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सके। प्रशासन की इस सक्रिय पहल से जिले में महिला आर्थिक सशक्तिकरण, स्वरोजगार और ग्रामीण विकास को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।