स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 के तहत अम्बिकापुर में बनेंगे 4 आकांक्षीय शौचालय

अम्बिकापुर, 10 जून 2026/sns/-   स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत नगर पालिक निगम अम्बिकापुर द्वारा शहर में आधुनिक एवं सुविधायुक्त आकांक्षीय (Aspirational) शौचालयों के निर्माण हेतु प्रस्ताव राज्य शहरी विकास अभिकरण, रायपुर को भेजा गया है। प्रस्ताव में कलेक्ट्रेट परिसर सहित शहर के चार प्रमुख स्थलों पर शौचालय निर्माण एवं संचालन-संधारण कार्य शामिल है।

नगर निगम द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार कलेक्ट्रेट परिसर एवं थोक सब्जी मंडी, सुभाषनगर में 10-सीटर टाइप-1 आकांक्षीय शौचालयों का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं स्वच्छता चेतना उद्यान तथा  सरगंवां पुष्पवाटिका में 6-सीटर टाइप-1 आकांक्षीय शौचालय स्थापित किए जाने की योजना है।

प्रस्तावित परियोजना के अंतर्गत निर्माण कार्य के साथ-साथ शौचालयों के संचालन एवं संधारण की व्यवस्था भी की जाएगी। चारों शौचालयों के निर्माण एवं संचालन-संधारण के लिए कुल 144.29 लाख रुपये की स्वीकृति का प्रस्ताव भेजा गया है।

नगर निगम कमिश्नर श्री डी एन कश्यप  ने बताया  कि इन आधुनिक शौचालयों के निर्माण से नागरिकों, ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों एवं शहर में आने वाले आगंतुकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर सार्वजनिक शौचालय सुविधा उपलब्ध होगी। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 के उद्देश्यों को साकार करने के साथ-साथ शहर में स्वच्छता एवं जनसुविधाओं को और सुदृढ़ करेगी।

स्वीकृति प्राप्त होने के पश्चात संबंधित स्थलों पर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे अम्बिकापुर शहर में सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा।

About The Author