रानाटोला में आयोजित हुआ जन समस्या निवारण शिविर
मोहला, 10 जून 2026/sns/-सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत मोहला के ग्राम पंचायत रानाटोला में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की विशेष थीम “पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत” रही। ग्रामीण स्तर पर आयोजित होने वाले सुशासन तिहार के अंतर्गत यह अंतिम क्लस्टर स्तरीय शिविर था, जिसमें रानाटोला, घावड़ेटोला, मरारटोला, तेलीटोला, आलकन्हार, चापाटोला, देवरसूर, रेगाकठेरा, कोर्रामटोला एवं पांडरवानी सहित कुल 10 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुएशिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए, जहां विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों एवं सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री वितरण किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जन समस्या निवारण शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों को सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं आजीविका से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि “पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत” केवल एक थीम नहीं बल्कि विकसित और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प है, जिसमें ग्रामीण अंचलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
ग्रामीण स्तर पर आयोजित अंतिम शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कहा कि सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों को सुशासन तिहार पोर्टल में दर्ज कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजा जा रहा है। जिला स्तर की समस्याओं एवं मांगों का निराकरण जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा, जबकि राज्य स्तर से संबंधित प्रकरणों को उच्च कार्यालयों को प्रेषित किया जा रहा है। प्राप्त आवेदनों के निराकरण की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जा रही है।
कलेक्टर ने कहा कि शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने ग्रामीणों से विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी लेकर अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया। साथ ही जल संरक्षण एवं जल संचय को बढ़ावा देने के लिए कोरिया मॉडल, कुआं-तालाब निर्माण एवं जल संरचनाओं के विकास पर विशेष बल दिया। उन्होंने ग्रामीणों को स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने की प्रेरणा दी। कलेक्टर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा अपने गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग देने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने किसानों एवं आम नागरिकों से एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराने की अपील की ताकि उन्हें कृषि एवं शासन की योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सके।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्रामीण स्तर पर आयोजित अंतिम शिविर के सफल आयोजन पर सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा ग्रामीण नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री लखन कलामे, जनपद सदस्य श्रीमती अनीता जायसवाल, श्रीमती सीता देवी कोमरे, श्रीमती इंद्रा कोमरे, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जी.आर. मरकाम, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, जनप्रतिनिधि श्री पुलकित खंडेलवाल, श्री कमल तापड़िया, श्री राजू डोंगरे, श्री भावेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।