इजराईल में होम बेस्ट केयर गिवर पदों पर भर्ती हेतु इच्छुक आवेदक ई-रोजगार पोर्टल पर जारी लिंक के माध्यम से कर सकते हैं पंजीयन

अम्बिकापुर, 10 जून 2026/sns/-   उपसंचालक रोजगार ने बताया कि नेशनल स्किल डेव्हलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएसडीसी) के अंतर्गत भारत-इजराईल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट किया गया है। जिसके तहत् इजराईल में होम बेस्ट केयर गिवर के लिए विदेश में रोजगार के अवसर छत्तीसगढ़ शासन कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा उपलब्ध कराये गये हैं। पदों की कुल संख्या 3500 है वेतन प्रतिमाह लगभग 200000/- है। यह अनुबंध दो वर्ष के लिए किया गया है, जिसे आवश्यकतानुसार बढ़ाया जा सकता है। सेवा प्रदान करने वाले आवेदकों को नियोजक द्वारा आवास एवं भोजन की सुविधा दी जाएगी। चिकित्सा बीमा उपलब्ध होगा 9 दिनों का राष्ट्रीय अवकाश तथा 16 दिनों की वार्षिक अवकाश दी जाएगी सप्ताह में 6 दिन का कार्य दिवस होगा। इच्छुक अर्हताधारी आवेदक अपना पंजीयन शीघ्र ई-रोजगार पोर्टल पर जारी लिंक पर कर सकते हैं, ताकि भर्ती प्रक्रिया आरंभ की जा सके। कोई भी शंका या संदेह होने पर प्रदेश के किसी भी रोजगार कार्यालय में संपर्क कर समाधान कर सकते हैं।

पद के लिये आवश्यक मापदंड- आयु 25 से 45 वर्ष, न्यूनतम 10 वीं कक्षा उत्तीर्ण, इंटरमिडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय, न्यूनतम 3 वर्ष का वैध पासपोर्ट, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ्य , लंबाई 1.5 मीटर से अधिक, वजन 45 कि.ग्रा. से अधिक, इसके पूर्व इजराईल में कार्य न किया हो।

आवश्यक शैक्षणिक योग्यता- भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त 990 घंटे का ओजेटी सहित केयर गिविंग प्रमाण पत्र अनिवार्य है। जनरल ड्यूटी असिस्टेंट ऑक्जलरी नर्स मिडवाईफ, जनरल नर्स मिडवाईफ, बी.एस.सी (नर्सिंग), फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट/मिडवाईफ में कोई एक प्रमाण पत्र।

चयन प्रक्रिया-
छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर ऑनलाईन पंजीयन, दस्तावेज एवं पात्रता की जांच, मार्गदर्शन एवं जानकारी, दस्तावेज का सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं पुलिस वेरीफिकेशन, इजराईल नियोजक का वीडियो कॉन्फ्रेंस साक्षात्कार और इजराईल नियोजक के द्वारा अंतिम चयन मिलने वाले वेतन से चिकित्सा बीमा आवास भत्ता भोजन और अतिरिक्त कटौती की जाएगी तथा आवेदक को कटौती के पश्चात् रू. 199770/- प्रतिमाह वेतन के रूप में दिया जाएगा।

About The Author