धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से जिले के 973 जनजातीय परिवारों के घरों में पहुंची बिजली
अम्बिकापुर, 12 जून 2026/sns/- जनजातीय समुदायों के सामाजिक, आर्थिक एवं आधारभूत विकास को गति देने के उद्देश्य से संचालित धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत सरगुजा जिले में विद्युतीकरण कार्यों में लगातार प्रगति जारी है। अभियान के तहत ऐसे जनजातीय परिवारों तक बिजली पहुंचाई गई है, जिनके घर अब तक विद्युत सुविधा से वंचित थे।
विद्युत विभाग द्वारा विभिन्न ग्रामों एवं दूरस्थ जनजातीय बस्तियों में विद्युत लाइन का विस्तार कर कुल 973 विद्युतविहीन घरों तक बिजली पहुंचाई गई है। इससे संबंधित परिवारों के जीवन स्तर में सुधार आया है तथा वे वर्तमान में विद्युत सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
जिले के विकासखंडवार लाभान्वित परिवारों में मैनपाट के 296, उदयपुर के 166, सीतापुर के 141, लखनपुर के 135, लुंड्रा के 112, बतौली के 76 तथा धौरपुर के 47 परिवार शामिल हैं।
विद्युतीकरण कार्य के अंतर्गत 45 किलोमीटर 11 के.व्ही. विद्युत लाइन का विस्तार किया गया है। इसके साथ ही 22 विद्युत ट्रांसफार्मरों की स्थापना तथा 237 किलोमीटर निम्नदाब (एल.टी.) लाइन का निर्माण किया गया है। इस कार्य पर कुल 7.95 करोड़ रुपये की राशि व्यय की गई है।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जिले के दूरस्थ एवं विशेष पिछड़ी जनजातीय बस्तियों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विद्युत सुविधा उपलब्ध होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका तथा दैनिक जीवन से जुड़ी गतिविधियों को नई गति मिली है, जिससे जनजातीय समुदायों के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।