नगर निगम ने विद्युत व्यवस्था साफ-सफाई सड़क सुधार एवं जनस्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को किया सुदृढ़
राजनांदगांव, 11 जून 2026/sns/-नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। हाल ही में आंधी-बारिश के कारण नंदई से बसंतपुर महामाया चौक तक शॉर्ट सर्किट से प्रभावित विद्युत व्यवस्था को त्वरित कार्रवाई करते हुए सुधार लिया गया है, जिससे क्षेत्र में पुन: प्रकाश व्यवस्था सुचारू हो गई है। शहर के चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पंथी चौक के पुराने सौंदर्यीकरण कार्य के क्षतिग्रस्त होने पर समय-समय पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है तथा वर्तमान बजट में प्रमुख चौक-चौराहों के व्यापक सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव शामिल किया गया है। निगम द्वारा साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नियमित रूप से नालियों एवं बड़े नाला-नालों की चरणबद्ध सफाई कराई जा रही है। चिखली रोड सहित विभिन्न स्थानों पर अस्थायी कचरा संग्रहण स्थल बनाए गए हैं, जहां आसपास का कचरा एकत्र कर जेसीबी के माध्यम से उठाकर ट्रेंचिंग ग्राउंड भेजा जाता है तथा स्थल की नियमित सफाई की जाती है। कुछ स्थानों पर कचरे में आग असामाजिक तत्वों द्वारा लगाई गई थी। हाल में आए अंधड़ और तूफान के कारण शहर के उद्यानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पेड़ों की टहनियां, पत्तियां एवं अन्य कचरा बिखर गया था। निगम द्वारा कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती कर उद्यानों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जानकारी मिलने पर म्युनिस्पल स्कूल मैदान के गेट पर लटक रही पेड़ की डाली को हटाने के लिए भी कर्मचारियों को तत्काल निर्देश दिए गए।
नगर निगम द्वारा सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में विभिन्न सड़कों के डामरीकरण एवं सीमेंटीकरण के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। गुणवत्ताहीन कार्य करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कार्य निरस्त किए गए तथा पुन: निविदा प्रक्रिया के माध्यम से नए कार्यादेश जारी किए गए हैं। जर्जर सड़कों के सीमेंटीकरण के लिए पार्षदों से प्रस्ताव प्राप्त कर शासन को भेजे गए हैं। स्वीकृत कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। वहीं भारी वाहनों के आवागमन से क्षतिग्रस्त हुए स्पीड ब्रेकरों के सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। शहर में यातायात एवं नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घुमंतु मवेशियों की धरपकड़ के लिए नियमित अभियान चलाया जा रहा है। निगम की टीम दिन एवं रात्रि दोनों समय कार्रवाई कर रही है तथा मवेशी मालिकों को पशुओं को खुले में नहीं छोडऩे के लिए लगातार समझाइश दी जा रही है। जनस्वास्थ्य की दृष्टि से बसंतपुर क्षेत्र में पीलिया एवं डायरिया की शिकायत मिलने पर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने तत्काल पाइपलाइन एवं पेयजल स्रोतों की जांच की। प्रभावित क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के साथ क्लोरीन टैबलेट का वितरण किया गया तथा पानी के नमूने परीक्षण हेतु भेजे गए। वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। नगर निगम द्वारा सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी किए जाते हैं। साथ ही सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नई निविदा प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है।