15 जून से 15 जुलाई तक चलेगा सघन कुष्ठ खोज अभियान

कवर्धा, 12 जून 2026/sns/- जिले में कुष्ठ रोग के उन्मूलन तथा समुदाय में इसके संक्रमण को रोकने के उद्देश्य से 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक सघन कुष्ठ खोज अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर लोगों की जांच करेगी तथा संभावित मरीजों की पहचान कर उनका समय पर उपचार सुनिश्चित करेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ देवेंद्र तूरे ने बताया कि कुष्ठ रोग की प्रारंभिक अवस्था में पहचान और उपचार से न केवल रोग के प्रसार को रोका जा सकता है, बल्कि इससे होने वाली विकलांगता से भी बचाव संभव है। इसी उद्देश्य से जिले में व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण अभियान की तैयारी पूरी कर ली गई है।
अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रत्येक घर में जाकर परिवार के सभी सदस्यों की स्क्रीनिंग करेंगे। जांच के दौरान कुष्ठ रोग के संभावित लक्षण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों की आवश्यक जांच एवं पुष्टि कराई जाएगी। रोग की पुष्टि होने पर उन्हें राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम की मार्गदर्शिका के अनुसार निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ तूरे ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए 10 जून को आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त हुए। इसके पश्चात 11 जून को जिला स्तर पर सभी विकासखंडों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें जिला कार्यक्रम प्रबंधक के निर्देशन में सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला डाटा प्रबंधक, बीपीएम, बीडीएम तथा जिला कुष्ठ इकाई के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के दौरान सर्वे दल द्वारा घर-घर स्क्रीनिंग, संदिग्ध मरीजों का चिन्हांकन तथा रेफरल संबंधी जानकारी मोबाइल एप एवं पोर्टल के माध्यम से दर्ज की जाएगी। वर्तमान में जिले में कुष्ठ रोग के 183 मरीज उपचाररत हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में शरीर पर सुन्न दाग-धब्बे, चेहरे पर असामान्य चमक या गांठें, हाथ-पैरों में लगातार झुनझुनी, सुन्नपन या सूखापन अथवा नसों में मोटापन और दर्द जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जांच कराएं। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अभियान में सहयोग करने और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि जिले को कुष्ठ रोग मुक्त बनाने के लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके।

About The Author