आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सर्वेक्षण हेतु तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन
अम्बिकापुर, 12 जून 2026/sns/- आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में आदरणीय कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं आदरणीय जिला सीईओ श्री विनय अग्रवाल के मार्गदर्शन में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के पहचान, सत्यापन एवं अद्यतन डेटा संग्रह हेतु आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
दिनांक 10 जून से 12 जून 2026 तक समावेशी शिक्षा के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान, सत्यापन एवं अद्यतन डेटा संग्रह के व्यापक सर्वेक्षण कार्य के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की मितानिनों, महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लखनपुर में किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान सर्वेक्षण की उपयोगिता एवं महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान करने की प्रक्रिया, उन्हें आवश्यक उपकरणों एवं यात्रा भत्ता जैसी सुविधाओं से जोड़ने तथा सर्वेक्षण के दौरान उनकी जानकारी को अद्यतन करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सर्वेक्षण प्रपत्रों को सही एवं स्पष्ट रूप से भरने हेतु सर्वे दल प्रभारियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
बैठक में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम(RPwD Act), 2016 के अंतर्गत शामिल 21 प्रकार की दिव्यांगताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। दिव्यांगताओं की पहचान, लक्षण, रोकथाम एवं चिन्हांकन के संबंध में चर्चा की गई तथा चिन्हांकित बच्चों की ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस प्रशिक्षण में 74 ग्राम पंचायतो के कुल 275 प्रतिभागियों ने सम्मिलित होकर प्रशिक्षण प्राप्त किया। बच्चों के चिन्हांकन के पश्चात उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने हेतु भी आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। विशेष रूप से आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा विभाग के CWSN (Children With Special Needs) से संबंधित सूचकांकों एवं बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रकाश सिंह,विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री डी. के. गुप्ता, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री आलोक सिंह, बीआरसी श्री दीपेश पांडे एवं श्री अरविंद गुप्ता (बीपीओ) के निर्देशन में बीआरपी समावेशी शिक्षा श्री भागवत देवांगन एवं श्रीमती वैदेही द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जनपद पंचायत से ABP फेलो सुश्री शुभिता शुक्ला द्वारा भी सर्वेक्षण कार्य के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
सहयोगी के रूप में सीएसी श्री हेमसागर प्रधान, श्री भागीरथी कुमार, श्री अजय, श्री जीवन दास, श्री दुष्यंत कश्यप सहित अन्य शिक्षकगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिनों का सराहनीय योगदान रहा।