हितग्राहियों के आवेदनों पर बैंक एक माह के भीतर सभी प्रक्रिया पूरा कराएं कलेक्टर
बलौदाबाजार, 12 जून 2026/sns/- पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत हितग्राहियों से प्राप्त होने वाले ऑनलाइन आवेदनों पर बैंक सभी प्रक्रिया एक महीने के भीतर पूर्ण करें। इसमें बैंको के द्वारा अनावश्यक विलम्ब या लापरवाही न हो। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शुक्रवार को पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक के दौरान बैंक अधिकारियो को यह निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि योजना के तहत बैंको को आवेदन प्राप्त होने पर यदि 15 दिन के अंदर हितग्राही बैंक नहीं आते तब ऐसे समस्त हितग्राहियों की सूची तत्काल सीएसपीडीसीएल एवं वेंडरो को उपलब्ध कराएं ताकि हितग्राहियों को सूचित एवं उनसे समन्वय कर समय पर बैक में उपस्थित कराया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह सरकार की महत्वपूर्ण योजना है इसके क्रियान्वयन में किसी तरह की कहीं पर बाधा न आये। उन्होंने बैंको के रवैये पर नाराजगी जाहिर करते हुए स्पष्ट निर्देश दिये कि बैंको में लंबित एवं निरस्त आवेदन की संख्या में कमी लाएं।आवेदन निरस्त करने पर उसका वैध कारण भी बताएं। अनावश्यक हितग्राहियों को परेशान करने पर सम्बंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि लोन स्वीकृत होते ही राशि का भुगतान तत्काल हितग्राही के लोन खाते में कर दिया जाए।
कलेक्टर ने सोलर पैनल स्थापना में कुछ वेंडरो के द्वारा बिलकुल भी रूचि नहीं लेने पर उन्हें ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश बिजली विभाग के अधिकारियो को दिया. उन्होंने जनपदवार टॉप 10 एवं टॉप 20 बेहतर काम करने वाले वेंडर की सूची तैयर करने तथा उस सूची का जनपद एवं ग्राम पंचायत में चस्पा करने कहा ताकि हितग्राही अच्छे काम करने वाले वेंडर का चयन कर सकें। इस दौरान उन्होंने वेंडरो की समस्याए भी सुनी और उसे दूर करने के निर्देश दिये। उन्होंने इस वर्ष जिले के लिये निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिये विद्युत संभागवार एवं उप संभागवार अधिकारियो को लक्ष्य देने कहा।
कलेक्टर श्री शर्मा ने बताया कि योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिये सोलर पैनल स्थापना में वेंडरो की सहायता के लिये स्व सहायता समूह की महिलाओं को आत्म निर्भर सोलर दीदी के रूप में नामित कर आउट रीच पार्टनर का काम दिया जाएगा। इसके लिये सभी जनपदो के 5-5 ग्राम पंचायतो के स्व सहायता समूह को आउट रीच पार्टनर हेतु चिन्हांकित करने कहा। महिला समूहों को उनके कार्य के एवंज में वेंडर द्वारा मानदेय दिया जाएगा।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता श्री अनंत सहित कार्यपालन अभियंता, बैंकर एवं वेंडर उपस्थित थे।