खादी-ग्रामोद्योग बोर्ड ने युवाओं से स्वरोजगार स्थापना हेतु मांगे आवेदन

जगदलपुर, 11 जून 2026/sns/- छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुटीर व लघु उद्योग स्थापना कार्यक्रमों के तहत इच्छुक युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिससे न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय रोजगार सृजन और पारंपरिक कौशलों का संरक्षण भी किया जा सकेगा। ग्रामोद्योग विभाग के उप संचालक से मिली जानकारी के अनुसार बोर्ड द्वारा शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के इच्छुक युवाओं को बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिस पर शासन की ओर से अधिकतम 35 प्रतिशत तक का अनुदान प्रदान किया जा रहा है।
इसी क्रम में राज्य शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को लक्षित करता है। इस योजना के अंतर्गत होटल, ग्राहक सेवा केंद्र, साउंड सिस्टम, सिलाई, मोटर साइकिल व मोबाइल रिपेयरिंग, फोटोकॉपी और स्टूडियो जैसी सेवा इकाइयों के साथ-साथ बेकरी, मिनी राइस मिल, वेल्डिंग वर्कशॉप, रेडीमेड वस्त्र निर्माण, दोना-पत्तल, मसाला व मोमबत्ती निर्माण और बुटीक जैसे विनिर्माण क्षेत्रों में भी ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इसमें सेवा क्षेत्र में एक लाख रुपये तक तथा विनिर्माण क्षेत्र में तीन लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर 35 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिया जाता है, जबकि हितग्राही को केवल पाँच प्रतिशत राशि स्वयं वहन करनी होती है, जो ग्रामीण युवाओं को छोटे-मोटे उद्योग शुरू करने के लिए एक मजबूत आधार प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जाती है। योजना के लिए आवेदन करते समय आवेदकों को पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, निवास एवं जाति प्रमाण पत्र, शैक्षणिक दस्तावेज, ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, बैंक पासबुक की प्रति, पैन कार्ड तथा आवश्यकतानुसार अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं। आवेदन करने के इच्छुक युवाओं के लिए जिला पंचायत कार्यालय जगदलपुर स्थित खादी ग्रामोद्योग शाखा के कक्ष क्रमांक 19 में उप संचालक ग्रामोद्योग से संपर्क करने अथवा दूरभाष पर जानकारी प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

About The Author