अमृत मिशन से सुदृढ़ हो रही पेयजल व्यवस्था

राजनांदगांव, 12 जून 2026/sns/- नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा राजनांदगांव शहर में पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए अमृत मिशन अंतर्गत पाइपलाइन विस्तार, ओवरहेड टंकी निर्माण तथा अन्य आवश्यक अधोसंरचना विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से बड़ी संख्या में नागरिकों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध हुई है तथा शेष क्षेत्रों में भी व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य जारी है।
शहर के कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी का दबाव कम होने के कारण कहीं-कहीं जलापूर्ति अपेक्षाकृत कम हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार का कार्य प्रगतिरत है। साथ ही पेयजल प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार नियमित रूप से टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान भी मांग के अनुरूप जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है। इसके अलावा कॉलोनियों के संपवेल में भी टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है। शहर के निरंतर विस्तार तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नई पानी टंकियों के निर्माण एवं अतिरिक्त पाइपलाइन विस्तार कार्यों को शासन से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से शहर की पेयजल व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

About The Author