इज़राइल में रोजगार का सुनहरा अवसर

सुकमा, 14 जून 2026/sns/-जिले के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन एवं जिला कौशल विकास प्राधिकरण ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण, रायपुर के निर्देशानुसार इज़राइल में होम-बेस्ड केयरगिवर पदों पर रोजगार के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की काउंसलिंग, दस्तावेज सत्यापन एवं शॉर्टलिस्टिंग की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई। इस पहल से जिले के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार के नए द्वार खुलने की उम्मीद बढ़ी है।
चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कार्यानुभव, आयु पात्रता, अंग्रेजी संप्रेषण क्षमता तथा आवश्यक दस्तावेजों का गहन परीक्षण किया गया। निर्धारित मानकों एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ पात्र अभ्यर्थियों का मूल्यांकन कर उन्हें अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी श्री एसके भारवे, सहायक संचालक कौशल विकास श्री कैलाश कश्यप एवं डॉ. भीमा बारसे बीएमओ सुकमा सहित समिति के सदस्यों ने पूरी प्रक्रिया का सफल संचालन किया।
 जिला प्रशासन का मानना है कि युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार से जोड़ना उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसी उद्देश्य से जिले में लगातार ऐसे अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करने का अवसर मिले। प्रशासन एवं जिला कौशल विकास प्राधिकरण के सतत प्रयास युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक परिणाम दे रहे हैं।

About The Author