प्राकृतिक आपदा से बचाव एवं राहत के संबंध में बैठक आयोजित

मुंगेली, 15 जून 2026/sns/- आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आपदा प्रबंधन एवं राहत व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री, केरोसिन, दवाइयों तथा अन्य आवश्यक जीवनरक्षक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी सूचना तंत्र विकसित किया जाए तथा संवेदनशील गांवों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अपर कलेक्टर ने पेयजल स्रोतों की शुद्धता बनाए रखने के लिए कुओं एवं हैंडपंपों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने तथा लोगों को पानी उबालकर पीने के प्रति जागरूक करने पर बल दिया। नगरीय निकायों को नाले-नालियों की नियमित सफाई, जलभराव रोकने तथा डी-वाटरिंग पंप सहित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने जिला सेनानी को संभावित बाढ़ क्षेत्रों में नाव, लाइफ जैकेट और अन्य बचाव उपकरणों सहित एसडीआरएफ की टीमों को पर्याप्त संख्या में तैनात रखने के निर्देश दिए। पशुधन की सुरक्षा के लिए सुरक्षित शेड एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को भी कहा गया। बैठक में अति दुर्गम एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में राशन, पेयजल और अन्य जरूरी सामग्रियों की अग्रिम व्यवस्था करने पर भी चर्चा हुई। साथ ही बारिश के मौसम में फैलने वाली मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों एवं उपचार सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, नगर पालिका सीएमओ श्री होरी सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author