आयुष्मान कार्ड निर्माण में जिले ने रचा कीर्तिमान पूरे प्रदेश में हासिल किया दूसरा स्थान

मुंगेली, 15 जून 2026/sns/- आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जिले ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने और प्रत्येक पात्र हितग्राही को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान करने की दिशा में किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है। जिले को निर्धारित 08 लाख 26 हजार 980 आयुष्मान कार्ड निर्माण के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 07 लाख 95 हजार 330 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस प्रकार जिले ने 96.17 प्रतिशत कवरेज प्राप्त कर राज्य स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
यह सफलता जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, विकासखंड स्तरीय अधिकारियों, आयुष्मान मित्रों तथा मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के समन्वित एवं समर्पित प्रयासों का प्रतिफल है। शेष पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिससे जिले में शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड कवरेज सुनिश्चित किया जा सके। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयुष्मान कार्ड की उपयोगिता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा की अध्यक्षता में जिले के सभी विकासखंडों के चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी शासकीय अस्पतालों को निर्देशित किया गया कि भर्ती होने वाले पात्र मरीजों का उपचार आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए तथा क्लेम प्रक्रिया का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए, ताकि अधिक से अधिक हितग्राही योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा कवच को मजबूत बनाने के लिए 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के नागरिकों हेतु वय वंदना कार्ड पंजीयन अभियान भी तेज गति से संचालित किया जा रहा है। राज्य स्तर से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जिले में पंजीयन कार्य युद्धस्तर पर जारी है। योजना के सुचारू संचालन और क्लेम प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिले के समस्त संबंधित ऑपरेटरों को एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण में आयुष्मान पोर्टल संचालन, मरीज पंजीयन, भर्ती प्रक्रिया, क्लेम प्रबंधन एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। डॉ. साहा ने बताया कि आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड निर्माण के साथ-साथ कार्डों की उपयोगिता बढ़ाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इसके लिए शासकीय एवं निजी अस्पतालों में नियमित मॉनिटरिंग, साप्ताहिक समीक्षा और व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किए जाएंगे।

About The Author