धरसींवा में विकासखंड स्तरीय प्रथम आयुष स्वास्थ्य मेले का आयोजन
*428 मरीजों की निःशुल्क जांच, आयुष काढ़ा व औषधीय पौधों की दी गई जानकारी* *जिला आयुष अधिकारी डॉ. स्वाति रावत के मार्गदर्शन में लगा शिविर*रायपुर, 15 जून 2026। जिला आयुष अधिकारी डॉ. स्वाति रावत के मार्गदर्शन में विकासखंड धरसींवा में प्रथम आयुष स्वास्थ्य मेले का आयोजन सोमवार को शासकीय नवीन प्राथमिक शाला धरसींवा भाठा प्रांगण में किया गया।शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि सरपंच श्री साहिल खान, कार्यक्रम अध्यक्ष मोहम्मद याकूब भाई, विशिष्ट अतिथि भूतपूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्री विजय अग्रवाल एवं जनपद पंचायत धरसींवा के प्रतिनिधि श्री अश्वनी वर्मा सहित गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में भगवान धन्वंतरि के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।शिविर प्रभारी डॉ. रमेश कुमार रातड़े ने बताया कि मेले में कुल 428 मरीजों की निःशुल्क जांच कर दवाइयों का वितरण किया गया। इसमें आयुर्वेद पद्धति से 273, होम्योपैथी से 71 एवं यूनानी चिकित्सा पद्धति से 69 मरीजों का उपचार किया गया। शिविर में 207 लोगों का रक्तचाप, 43 का शुगर, 39 का हीमोग्लोबिन एवं 15 लोगों का नेत्र परीक्षण भी किया गया। साथ ही 315 लोगों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाला आयुष काढ़ा वितरित किया गया।शिविर में जिला आयुष अधिकारी डॉ. स्वाति रावत ने किशोरी बालिकाओं को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के संबंध में परामर्श दिया। औषधीय पौधों की पहचान एवं घरेलू उपचार में उनके प्रयोग की जानकारी प्रदर्शनी के माध्यम से दी गई। इस अवसर पर विभिन्न स्वास्थ्य विषयक ब्रोशर एवं पाम्पलेट भी वितरित किए गए।आयुष स्वास्थ्य मेले में डॉ. सीमा शुक्ला, डॉ. भूपेन्द्र जांगड़े, डॉ. स्वाति अग्रवाल, डॉ. पुरुषोत्तम सागर, डॉ. सोनल शर्मा, डॉ. सविता साहू सहित श्री लिलार राम कंवर, श्रीमती धिगेश्वरी साहू, श्रीमती सरोज यादव, श्री अश्वनी कुमार ध्रुव, श्रीमती ललिता साहू एवं श्री रामदयाल वर्मा ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर के सफल आयोजन में ग्रामीणों एवं मितानिनों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
