राशन वितरण में पारदर्शिता लाने खाद्य विभाग का बड़ा फैसलाओटीपी से राशन वितरण पर रोक

बीजापुर, 16 जून 2026/sns/- सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और राशन विरतण में हो रही अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए खाद्य विभाग ने बड़ा निर्णय लिया है। अब प्रदेश सहित बीजापुर जिले की सभी उचित मूल्य की राशन दुकानों मे निःशक्तजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को छोड़कर अन्य सभी हितग्राहियों को केवल बोयामेट्रिक सत्यापन के माध्यम से ही राशन प्राप्त होगा। विभाग द्वारा ओटीपी आधारित राशन वितरण व्यवस्था को प्रभावी रूप से बंद करने के निर्देश जारी किया गया हैं। खाद्य विभाग को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थी कि कुछ राशन दुकानदार हितग्राहियों से फोन पर ओटीपी लेकर उनके नाम पर राशन का उठाव दर्ज कर देते थे, लेकिन वास्तविक रूप से खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जाता था। इसके बदले संबंधित कार्डधारियों के खातें में कुछ राशि ऑनलाईन भेज दी जाती थी। इससे राशन के बदले नकद भुगतान की समानांतरण व्यवस्था विकसित हो गई थी जिससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पारदर्शिता प्रभावित हो रही थी।

फर्जी वितरण और कालाबाजारी पर लगेगी रोक

विभाग के अनुसार हाल के समय में राशन वितरण में एक नई प्रवृत्ति सामने आई थी, जिसमें कुछ हितग्राही स्वयं राशन दुकान तक नहीं पहुँचते थे और दुकानदार को फोन पर ओटीपी बता देते थे। इसके बाद दुकानदार उनके नाम पर राशन वितरण दर्ज कर देता था, जबकि खाद्यान्न दुकान में ही रोक लिया जाता था। इससे खाद्यान्न की हेराफेरी और कालाबाजारी की आशंकाएं बढ़ रही थी। नई व्यवस्था लागू होने से ऐसी अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।

बायोमेट्रिक सत्यापन पर रहेगा विशेष जोर
खाद्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार राशन वितरण में बायोमेट्रिक सत्यापन की दर 95 प्रतिशत से कम पाए जाने पर संबंधित उचित मूल्य दुकान संचालाकों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। अपर कलेक्टर एवं जिला खाद्य अधिकारी श्री भूपेन्द्र अग्रवाल ने सभी खाद्य निरीक्षकों को निगरानी बढ़ाने और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

About The Author