कोतापल्ली व्यपवर्तन योजना हेतु भूमि अधिग्रहण पर 19 जून को होगी जन सुनवाई

बीजापुर, 16 जून 2026/sns/- कोतापल्ली में कोमटपल्ली (कोकमपल्ली) व्यपवर्तन योजना के तहत प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के संबंध में सामाजिक प्रभाव आकलन हेतु 19 जून 2026 को ग्राम कोतापल्ली में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई के माध्यम से प्रभावित ग्रामीणों, किसानों एवं आम नागरिकों से सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं भू-अर्जन अधिकारी, भोपालपटनम द्वारा जारी सूचना के अनुसार भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकार तथा पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 के तहत यह प्रक्रिया संपादित की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीजापुर जिले की भोपालपटनम तहसील के ग्राम कोतापल्ली में 2.317 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है। यह भूमि कोतापल्ली व्यपवर्तन योजना के अंतर्गत मुख्य नहर, माइनर एवं सब-माइनर नहरों से प्रभावित किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए लोक प्रयोजन के लिए अधिग्रहित की जानी है।
अधिसूचना के अनुसार सामाजिक प्रभाव निर्धारण के अध्ययन हेतु 19 जून 2026 को प्रातः 11 बजे ग्राम कोतापल्ली में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। भूमि अधिग्रहण से संबंधित किसी भी व्यक्ति, संस्था अथवा हितधारक को यदि कोई सुझाव, आपत्ति अथवा जानकारी प्रस्तुत करनी हो तो वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकते हैं। प्रशासन ने संबंधित ग्रामीणों एवं प्रभावित किसानों से जनसुनवाई में भाग लेकर अपनी बात रखने और भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं सहभागी बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

About The Author