शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल फास्टरपुर में शाला प्रवेशोत्सव का हुआ आयोजन

मुंगेली, 16 जून 2026/sns/- शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल फास्टरपुर में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रजनी मानिक सोनवानी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तथा स्वामी विवेकानंद के जीवन मूल्यों और उनके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संविधान हमें समानता, न्याय और भाईचारे का संदेश देता है तथा एक सशक्त और विकसित समाज के निर्माण की आधारशिला है।
पुलिस अधीक्षक ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए शिक्षकों से छात्राओं के लिए सकारात्मक एवं मित्रवत वातावरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सकें। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सफलता का सबसे मजबूत आधार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों के परिश्रम के परिणामस्वरूप विद्यालय का पिछले वर्ष का परीक्षा परिणाम 90 प्रतिशत से अधिक रहा, जो पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रजनी मानिक सोनवानी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माता होगा।
कार्यक्रम के समापन में छात्र-छात्राओं को शासन की सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत निःशुल्क साइकिल एवं गणवेश का वितरण किया गया। साइकिल मिलने से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय पहुंचने में सुविधा होगी, वहीं गणवेश वितरण से विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन कर अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.पी.डाहिरे, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

About The Author