योग दिवस आयोजन को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय
रायगढ़, 16 जून 2026/sns/- 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को रायगढ़ स्टेडियम बोईरदादर में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल और समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
छत्तीसगढ़ योग आयोग के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संगठन तथा आम नागरिक शामिल होंगे। जारी आदेश के अनुसार नगर निगम को कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। आयुष विभाग को योग प्रोटोकॉल के अनुरूप कार्यक्रम संचालन, प्रशिक्षकों की व्यवस्था तथा योगाभ्यास से संबंधित समस्त गतिविधियों का दायित्व सौंपा गया है। समाज कल्याण विभाग दिव्यांगजनों, उभयलिंगी व्यक्तियों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करेगा। लोक निर्माण विभाग को मंच, बैठक व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विद्युत एवं साउंड सिस्टम की व्यवस्था भी संबंधित विभागों द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग पेयजल उपलब्ध कराएगा, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग आंगनबाड़ी एवं बाल आश्रम के बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करेगा। शिक्षा विभाग एवं उच्च शिक्षा विभाग को विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग अतिथियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करेगा तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक कार्यक्रम के संचालन में सहयोग देंगे।
वहीं जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में योग दिवस कार्यक्रमों के सफल आयोजन एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। कलेक्टर ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा समन्वित प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार है और इसके प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में सभी विभागों की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण होगी।