आँगनबाड़ी सहायिका भर्ती के लिए 26 जून तक दावा-आपत्ति आमंत्रित
रायगढ़, 16 जून 2026/sns/- एकीकृत बाल विकास परियोजना रायगढ़ (ग्रामीण) अंतर्गत आँगनबाड़ी केन्द्र बंगलाडीपा सराईपाली वार्ड क्रमांक 43, नगर पालिक निगम रायगढ़ में आँगनबाड़ी सहायिका के एक रिक्त पद पर भर्ती प्रक्रिया के तहत प्राप्त आवेदनों का प्रारंभिक मूल्यांकन पूरा कर लिया गया है। मूल्यांकन समिति की बैठक में प्राप्त आवेदन पत्रों का परीक्षण कर प्रावधिक (अनंतिम) मूल्यांकन पत्रक तैयार किया गया।
परियोजना कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनंतिम मूल्यांकन पत्रक को महिला एवं बाल विकास विभाग के ऑनलाइन पोर्टल तथा परियोजना कार्यालय के सूचना पटल पर प्रकाशित किया गया है, जिसका अवलोकन संबंधित अभ्यर्थी कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि आवेदन पत्रों के मूल्यांकन में किसी प्रकार की लिपिकीय त्रुटि या अन्य आपत्ति हो, तो संबंधित आवेदिकाएं अपना दावा अथवा आपत्ति विभागीय ऑनलाइन पोर्टल aww.e-bharti.in के माध्यम से 17 से 26 जून 2026 तक प्रस्तुत कर सकती हैं। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त होने वाले दावा या आपत्ति आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना पक्ष प्रस्तुत करने की अपील की गई है।