रेडक्रॉस सोसायटी की जिला प्रबंध समिति की बैठक संपन्न
दुर्ग, 16 जून 2026/sns/- कलेक्टर एवं अध्यक्ष इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी श्री अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की जिला प्रबंध समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी की विभिन्न गतिविधियों, अधोसंरचना विकास पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के लिए भूमि एवं भवन के चयन संबंधी विषय की समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शासन स्तर से जारी दिशा-निर्देशों एवं प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पोस्टमार्टम सेंटर (मॉर्च्युरी) में शवों के सुरक्षित रखने के लिए दो बॉडी क्षमता वाले दो मॉर्च्युरी यूनिट स्थापित करने पर सहमति बनी। साथ ही पोस्टमार्टम सेंटर के लिए एक शव वाहन की व्यवस्था किए जाने का भी निर्णय लिया गया, जिससे जरूरतमंद परिवारों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित ब्लड बैंक, वृद्धाश्रम पुलगांव एवं पोस्टमार्टम सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन विसंगति एवं मानदेय वृद्धि पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने इस संबंध में नियमानुसार गाइडलाइन तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक रक्तदान करने वाली संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाए, ताकि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता और सहभागिता बढ़ सके। बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी की जनकल्याणकारी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जरूरतमंदों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अन्य विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमेन डॉ.शरद पाटणकर, नोडल रेडक्रॉस डॉ.सीबीएस बंजारे, नोडल अधिकारी ब्लड बैंक जिला चिकित्सालय डॉ.जे.पी.मेश्राम, कोषाध्यक्ष श्री प्रमोद बाघ, सदस्य श्री दीपक बंसल, श्री जीवन लाल ताम्रकार, डॉ.आशीषन मिंज, श्री राज आहतिया सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।