संस्कार, स्वास्थ्य और शिक्षा का अनूठा संगम बना योग ग्रीष्मकालीन भविष्य निर्माण मार्गदर्शन शिविर
राजनांदगांव, 17 2026/sns/- महर्षि वाग्भट्ट गौ संवर्धन एवं अनुसंधान संस्थान द्वारा अमृत उद्यान मुक्तिधाम, ढाबा रोड मोतीपुर राजनांदगांव में संचालित शिक्षा संस्कार पाठशाला में 1 मई से 14 जून 2026 तक सुबह 5.30 बजे से 7.30 बजे तक बच्चों के लिए ग्रीष्मकालीन भविष्य निर्माण मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर श्री मधुसूदन यादव उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर में शामिल बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। महापौर ने कहा कि सुबह की ताजी हवा एवं सकारात्मक वातावरण में योग, प्राणायाम, खेलकूद सहित अन्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने अपने दिन की स्वस्थ एवं ऊर्जावान शुरूआत करना सीखा है। उन्होंने बच्चों से जीवन में सफलता के लिए अच्छी आदतों को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को कल्याणिका देवस्थानम के प्रबंधक सन्यासी किशोरी लाल लाट ने भी संबोधित किया।
संस्थान के सदस्य धर्मराज यादव ने बताया कि शिविर में बच्चों को नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम एवं विभिन्न खेल गतिविधियां कराई गई। साथ ही बच्चों को योग के महत्व, स्वस्थ जीवन शैली, भारतीय संस्कृति में गाय की महत्ता, धर्म व आध्यात्म तथा अनुशासित एवं आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा दी गई। शिविर में केवल शारीरिक विकास ही नहीं, बल्कि बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया। शिक्षक हेमंत मानिकपुरी द्वारा प्राचीन गुरूकुलीय वातावरण की तर्ज पर पेड़ की छांव में बच्चों को व्यक्तित्व विकास, कैरियर चयन, लक्ष्य निर्धारण एवं आत्मविश्वास बढ़ाने संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही अंग्रेजी, गणित, सामान्य ज्ञान एवं अन्य विषयों की जानकारी सरल, रोचक एवं व्यवहारिक तरीके से प्रदान गई। कार्यक्रम में बच्चों को शिवशक्ति सार्वजनिक धर्मार्थ सेवा समिति दीनदयाल कालोनी चिखली द्वारा बच्चों को स्टील पानी बोतल, कापी, पेन सहित अन्य पुरस्कार वितरण किया गया। इस अवसर पर पार्षद मनोहर यादव, शिव शक्ति धर्मार्थ सार्वजनिक सेवा समिति के उमाशंकर साहू, शेखर ठाकुर, अभिषेक दुबे, गोविंद साहू, विजय पटेल, पुष्पक किसान, अवनी बघेल, दरवेश कमड़े, श्री जीआर देवांगन, रमेश, जीएस ठाकुर, किशोरी लाल, मनहरण देवांगन, रमेश इंगले, डीएस ठाकुर, किशोरी लाल, प्रकाश बिछिया, धर्मेन्द्र साहू, कराते प्रशिक्षक श्री कमल पूजन, काजल यादव, आदित्य देवांगन, लवयांश लहरी, धरमराज यादव, प्रहलाद साहू, पुरूषोत्तम देवांगन, हेमंत मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हुए।