दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों एवं चिकित्सकों के लिए आवासीय सुविधाओं का होगा विस्तार

अम्बिकापुर, 17 जून 2026/sns/-   जिला सरगुजा के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में पदस्थ शिक्षकों एवं चिकित्सकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से विभिन्न आवासीय निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दरिमा (अम्बिकापुर), प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कमलेश्वरपुर (मैनपाट), प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गुतुरमा (सीतापुर), प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र केदमा (उदयपुर) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कुदरी (लखनपुर) में कुल 25 मेडिकल स्टाफ क्वार्टरों के निर्माण के लिए राशि 2 करोड़ 49 लाख रुपये स्वीकृत की गई है। उक्त कार्यों की निर्माण एजेंसी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को नियुक्त किया गया है। इन क्वार्टरों के निर्माण से दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को कार्यस्थल के समीप आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता एवं गुणवत्ता में सुधार होगा।

इसी प्रकार, शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पदस्थ शिक्षकों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखण्ड मैनपाट के नर्मदापुर तथा विकासखण्ड उदयपुर में ट्रांजिट हॉस्टल (शिक्षक आवास) के रूप में कुल 30 क्वार्टरों के निर्माण हेतु राशि 2 करोड़ 55 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। उक्त निर्माण कार्यों की एजेंसी लोक निर्माण विभाग को बनाया गया है। इन शिक्षक आवासों के निर्माण से दूरस्थ क्षेत्रों में पदस्थ शिक्षकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास उपलब्ध होगा, जिससे विद्यालयों में नियमित उपस्थिति तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

जिले में इन आवासीय परियोजनाओं के पूर्ण होने से शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह पहल दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर जनसेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

About The Author