राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण हेतु पटवारियों और राजस्व अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
मुंगेली, 17 जून 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में आज राजस्व विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा एवं क्षमता संवर्धन हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव ने अनुभाग मुंगेली के समस्त पटवारियों, राजस्व निरीक्षकों (आरआई), तहसीलदारों एवं अन्य राजस्व अधिकारियों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न राजस्व मदों के लंबित एवं प्रगतिरत प्रकरणों की जानकारी ली गई तथा उनके समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। अपर कलेक्टर ने नक्शा बटांकन, स्वामित्व योजना तथा नगरीय क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों को पट्टा वितरण की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े कार्य सीधे आमजन के हितों से जुड़े होते हैं, इसलिए प्रत्येक प्रकरण का निराकरण पारदर्शिता, संवेदनशीलता और निर्धारित समय-सीमा में किया जाना चाहिए।
बैठक में अधिकारियों को राजस्व अभिलेखों के अद्यतन संधारण तथा प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निपटारे के संबंध में भी निर्देशित किया गया। अपर कलेक्टर श्री यादव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निराकरण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर शिकायतों की संख्या कम करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, नक्शा बटांकन की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा नगरीय क्षेत्रों में पट्टा वितरण कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही राजस्व अधिकारियों को आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी मौजूद रहे।