नीट-2026 परीक्षा के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित

बीजापुर, 17 जून 2026/sns/- राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा ( NEET&UG 2026 ) के सफल, सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) की स्थापना की है। यह नियंत्रण कक्ष परीक्षा से संबंधित शिकायतों, सूचनाओं एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कार्य करेगा।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिला शिक्षा कार्यालय, कलेक्टोरेट परिसर बीजापुर में 15 जून से 23 जून 2026 तक नियंत्रण कक्ष संचालित किया जाएगा। परीक्षा अवधि के दौरान यह कक्ष अभ्यर्थियों, पालकों एवं संबंधित पक्षों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा परीक्षा संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान में सहायता करेगा।
नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अधिकारी के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश पाण्डेय को नियुक्त किया गया है, जबकि सहायक ग्रेड-02 श्री मनोज कावटी को नियंत्रण कक्ष संचालन एवं अभिलेख संधारण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार परीक्षा से संबंधित किसी भी सूचना अथवा समस्या के लिए नागरिक एवं अभ्यर्थी कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 9424282734 पर संपर्क कर सकते हैं।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि नियंत्रण कक्ष निर्धारित अवधि तक निरंतर सक्रिय रहे तथा प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नीट-2026 परीक्षा को पारदर्शी, व्यवस्थित और अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा की गई यह व्यवस्था परीक्षा संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

About The Author