21 जून को होगी नीट (यूजी) 2026 प्रवेश परीक्षा जिले में बनाए गए 13 परीक्षा केंद्र, 5212 अभ्यर्थी होंगे शामिल
अम्बिकापुर, 18 जून 2026/sns/- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए), नई दिल्ली द्वारा 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित की जाने वाली नीट (यूजी) 2026 परीक्षा जिले के 13 परीक्षा केन्द्रों में अपराह्न 2ः00 बजे से सायं 5ः15 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिले में पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 5,212 है। परीक्षा के सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन हेतु राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य होगा।
जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा केन्द्रों के द्वार प्रातः 11ः00 बजे से खोल दिए जाएंगे तथा अभ्यर्थियों की सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। धार्मिक अथवा पारंपरिक परिधान जैसे हिजाब, पगड़ी अथवा कृपाण धारण करने वाले अभ्यर्थियों को दोपहर 12ः30 बजे तक परीक्षा केन्द्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को दोपहर 1ः15 बजे तक अपनी निर्धारित सीटों पर बैठना प्रारंभ करना होगा, जबकि 1ः30 बजे के पश्चात किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
एनटीए द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1ः30 बजे एवं 1ः45 बजे निरीक्षकों द्वारा महत्वपूर्ण निर्देश प्रदान किए जाएंगे तथा प्रवेश पत्रों की जांच की जाएगी। दोपहर 1ः45 बजे प्रश्न पुस्तिका का वितरण तथा 1ः50 बजे पुस्तिका पर आवश्यक जानकारी भरने की प्रक्रिया होगी। परीक्षा का औपचारिक प्रारंभ दोपहर 2ः00 बजे होगा।
परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र का एक दिन पूर्व अवलोकन करने तथा परीक्षा दिवस पर कम से कम तीन घंटे पहले केन्द्र पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि फ्रिस्किंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके। परीक्षा के लिए हल्के रंग के आधी बांह वाले वस्त्र पहनकर आने की अनुमति होगी, जबकि काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी अथवा गहरे चॉकलेटी रंग के वस्त्र पहनना प्रतिबंधित रहेगा।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक परिधान धारण करने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। परीक्षा केन्द्र में केवल चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी। कान की बालियां, अंगूठी, नाक की पिन, गले का हार, कंगन अथवा किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना वर्जित रहेगा।
परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अनुचित साधनों का उपयोग करने पर कठोर कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थिता समाप्त की जा सकती है।
अभ्यर्थियों को एनटीए द्वारा अपलोड किए गए नवीन प्रवेश पत्र की स्पष्ट रंगीन प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा, जिससे उसकी मूल पहचान पत्र से मिलान किया जा सके। इसके अतिरिक्त एक अतिरिक्त पासपोर्ट आकार का फोटो तथा 4×6 इंच का पोस्टकार्ड आकार का फोटो भी निर्धारित प्रपत्र पर चिपकाकर साथ लाना होगा।
परीक्षार्थियों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी अथवा ड्राइविंग लाइसेंस जैसे मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) अभ्यर्थियों को लागू होने की स्थिति में संबंधित प्रमाण-पत्र भी साथ रखना होगा।
उपरोक्त जारी दिशा-निर्देशों का सभी परीक्षार्थियों को कड़ाई से पालन करने की अपील है। किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा चूक के लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे।